चार साल की मासूम से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार; बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर भारी हंगामा

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

लखीमपुर खीरी :

जिले के थाना सिंगाही क्षेत्र के सिंगहा कलां में चार वर्ष की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आमने-सामने रहने वाला पड़ोस का 60 वर्षीय बुजुर्ग बच्ची को पांच रुपये देने का लालच देकर अपने घर ले गया और वारदात को अंजाम दिया। खून से लथपथ हालत में घर पहुंची मासूम आपबीती बताते समय बेहोश हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, वहीं पीड़िता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर घंटों प्रदर्शन किया।

सिंगाही-बेलरायां मार्ग के पास स्थित गांव निवासी पीड़ित परिवार ने बताया कि रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे चार साल की मासूम घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान सामने रहने वाला बुजुर्ग उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और बकरी के बाड़े में ले जाकर उसके साथ हैवानियत की। घटना के बाद मासूम किसी तरह अपने घर पहुंची। उसकी हालत देखकर परिजन घबरा गए। बच्ची अपनी मां को घटना की जानकारी दे ही रही थी कि दर्द के मारे बेहोश हो गई।

परिजन जब पूछताछ के लिए आरोपी के घर पहुंचे तो उसने फावड़ा उठाकर उन्हें डराने का प्रयास किया। परिजनों की सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर पीड़िता को सीएचसी निघासन पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

मासूम के साथ दरिंदगी की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के घर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया तथा प्रशासन से आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। माहौल बिगड़ता देख आलाधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। उधर, हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय में एसपी से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

क्षेत्राधिकारी निघासन शिवम कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण व उपचार के लिए भेजा गया है। परिजनों की लिखित तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

 

रिपोर्ट : जगदीश शुक्ला

 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत थाना जंसा पुलिस द्वारा परिवार परामर्श केंद्र से लाभान्वित परिवारों को सम्मानित करने एवं छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के संबंध में।