मीरजापुर
समाजवादी पार्टी की जिलास्तरीय मासिक बैठक एवं पीडीए जनपंचायत स्थानीय कचहरी मार्ग स्थित जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व राज्यमंत्री गुलाब चन्द्र यादव मुन्नी ने की। उन्होंने कहा कि निरंकुश सत्ता द्वारा संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों का हनन कर अघोषित तानाशाही की स्थिति पैदा कर दी गई है। देश का आम जनमानस इसके खिलाफ उठ खड़ा हुआ है और आने वाले चुनावों में इन सामंतवादी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार है।
उन्होंने कहा कि आज महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और खाद-बीज की किल्लत से त्रस्त जनता ने इस सरकार को बदलने का मन बना लिया है। इस अवसर पर समाजवादी शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष रतन सिंह पटेल ने कहा कि पार्टी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में बंद किए गए प्राथमिक विद्यालयों पर आगामी 5 सितंबर को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में मनाई जाएगी। मीरजापुर की सभी विधानसभाओं के विभिन्न विद्यालयों पर यह कार्यक्रम आयोजित होगा।
गोष्ठी का संचालन जिला महामंत्री आदर्श यादव ने किया। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन एड. सुरेन्द्र सिंह पटेल, रविन्द्र बहादुर सिंह, आशीष यादव, डॉ. ज्योति बिंद, डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, सतीश मिश्रा, जुम्मन खान, सुभाष पटेल, संतोष गोयल, मेवा लाल प्रजापति, रवि सोनकर, अभय यादव, प्रिंस राव, राकेश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







