लखनऊ
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में गोगी गैंग की भूमिका सामने आई है। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने आज पुलिस मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता के दौरान बताया कि अंकित बालियान की हत्या की साजिश कनाडा में बैठे शाहपुरिया ने रची थी। जांच में यह भी सामने आया है कि गोगी गैंग के खिलाफ अंकित द्वारा बनाया गया गाना ही हत्या की मुख्य वजह था।
डीजीपी ने बताया कि हत्यारों ने वारदात से पहले कई दिनों तक अंकित की रेकी की थी। उन्हें बाहर से हथियार उपलब्ध कराए गए थे। पूरी वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। उन्होंने बताया कि सभी आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे, लेकिन पुलिस टीम लगातार उन पर नजर बनाए हुए थी। ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उनके बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई।
अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि अंकित बालियान हत्याकांड में कुल छह लोग शामिल थे, जिनमें से दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि हत्याकांड में शामिल बाकी चार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संरक्षण देने वालों पर भी होगी कार्रवाई
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि शूटरों को बाहर से हथियार उपलब्ध कराने वालों और हत्याकांड की पूरी चेन में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यूपी की सीमा से बाहर बैठकर कोई यह न सोचे कि कानून के हाथ उन तक नहीं पहुंचेंगे। हत्याकांड में संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस मामले में केंद्र सरकार की एजेंसियों से भी संपर्क किया जा रहा है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड की पूरी तस्वीर और अधिक स्पष्ट हो जाएगी। मामले की जांच के लिए पुलिस की 11 टीमें गठित की गई हैं और पुलिस वैज्ञानिक तरीके से हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
डीजीपी के अनुसार, हत्याकांड में शामिल आरोपी मोहित के खिलाफ हरियाणा में 14 मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने एनकाउंटर में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दो-दो लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की।
जांच में अब तक सामने आया है कि अंकित बालियान की हत्या की साजिश रचने में कनाडा में बैठे शाहपुरिया की मुख्य भूमिका थी। पुलिस अब हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों, हथियार उपलब्ध कराने वालों और साजिश में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।











Users Today : 19
Users This Year : 24793
Total Users : 37386
Views Today : 49
Total views : 73578