बल्लीपरवां मिर्जापुर चील्ह ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कोल्हुआ शाह में विकास कार्यों की पोल खुल गई है। एक साल पहले बनाई गई इंटरलॉकिंग सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। ग्रामीणों ने घटिया निर्माण और मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जल्द मरम्मत की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय कोल्हुआ शाह से ब्राह्मण बस्ती को जोड़ने वाली यह सड़क लंबे समय से उनकी मांग पर बनवाई गई थी। यह स्कूल और बस्ती को जोड़ने वाला एकमात्र मुख्य मार्ग है। निर्माण के कुछ ही महीनों बाद सड़क दरकने लगी थी। अब यह दोनों तरफ से उखड़ और धंस चुकी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। घटिया ईंटों के कारण सड़क की ईंटें उखड़ गई हैं। बरसात में उखड़ी ईंटों के बीच पानी भर जाने से स्थिति और बिगड़ गई है। राहगीरों के गिरने और चोटिल होने का खतरा बढ़ गया है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। आवागमन लगभग ठप पड़ गया है।
इस मामले को लेकर ग्रामीण ब्रह्म देव दुबे, सुरेश चौबे, कैलाश चौबे और भोला चौबे ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (वीडीओ) राजेश मिश्रा को शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
वीडीओ राजेश मिश्रा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि जल्द कार्य योजना बनाकर सड़क को दुरुस्त किया जाएगा। मौके का निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की जाएगी और कमियों को दूर किया जाएगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से भी अपील की है कि निर्माण में हुई अनियमितताओं की गहन जांच कराई जाए। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण सुनिश्चित किया जाए।










Users Today : 11
Users This Year : 24739
Total Users : 37332
Views Today : 17
Total views : 73476