मीरजापुर 30 अगस्त 2026-
जनपद में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बाढ़ प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया जिलाधिकारी ने सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम अकोढ़ी एवं राजस्व ग्राम चौकठ का दौरा कर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले दोनों गांवों के संपर्क मार्ग का जायजा लिया।उन्होंने देखा कि बाढ़ की स्थिति में संपर्क मार्ग पर जलभराव की क्या स्थिति हो सकती है। साथ ही उन्होंने गांवों के आसपास गंगा नदी के जलस्तर के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों से वार्ता कर जानकारी ली।
लोगों ने बताया कि बाढ़ के समय संपर्क मार्ग टूटने से आवागमन में भारी परेशानी होती है।जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से पहले ही सभी एहतियाती कदम उठा लिए गए हैं। किसी भी ग्रामीण को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर को निर्देश करते हुए कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ चौकियों को तत्काल सक्रिय किया जाए और उन पर कर्मचारियों की तैनाती की जाए। नावों की उपलब्धता, राहत सामग्री और चिकित्सा व्यवस्था पहले से दुरुस्त रखी जाए।
उन्होंने कहा कि ऊंचे और सुरक्षित स्थानों को चिन्हित कर वहां अस्थायी शरणालय बनाने की तैयारी पूरी रखें। पशुओं के चारे और पीने के साफ पानी की भी पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने राजस्व और बाढ़ खंड के अधिकारियों को लगातार जलस्तर पर नजर रखने को कहा।
उन्होंने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा दी जा रही जानकारी पर ही भरोसा करें। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर महेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार, संबंधित लेखपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










Users Today : 8
Users This Year : 24736
Total Users : 37329
Views Today : 12
Total views : 73471