मियागंज / आसीवन, उन्नाव
आसीवन थाना क्षेत्र के जारुल्लानगर गांव से तीन दिन पहले लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी का शव रविवार दोपहर शारदा नहर की आसीवन ब्रांच में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान राधा पुत्री सुखलाल के रूप में हुई है।
सुबह शौच को निकली थी, फिर नहीं लौटी
जारुल्लानगर निवासी सुखलाल ने बताया कि उनकी बेटी राधा 28 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से निकली थी। गांव से 200 मीटर दूर शारदा नहर की आसीवन ब्रांच की ओर गई थी, उसके बाद घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद शनिवार को आसीवन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
पुलिया में फंसा मिला शव, 3 घंटे में निकला
रविवार को खानपुर सुरौली गांव के पास कोठी पुलिया में ग्रामीणों ने शव फंसा देखा। सूचना पर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव पुलिया के अंदर फंसा था, जिसे ग्रामीणों की मदद से करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।
पुलिस ने परिजनों से पहचान कराई तो उन्होंने शव को राधा के रूप में पहचाना। मौके पर सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी ली।
परिवार में कोहराम
परिजनों के अनुसार राधा निजी विद्यालय में कक्षा 11 की छात्रा थी। दो भाई और दो बहनों में दूसरे नंबर पर थी। बड़ा भाई रोहित, छोटा मोहित और बहन मोनिका है। बेटी की मौत से मां शैलजा का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला










Users Today : 4
Users This Year : 24732
Total Users : 37325
Views Today : 8
Total views : 73467