भाई-बहन के अटूट प्रेम के पर्व पर दिखा उत्साह, विधायक ने बहनों को उपहार देकर दी शुभकामनाएं
भदोही
भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को भदोही नगर सहित पूरे जनपद में हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही घर-घर त्योहार की रौनक दिखाई दी।
बहनों ने पूजा की थाल सजाकर भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं सफलता की कामना की। रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल रही।
राखी, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। रंग-बिरंगी राखियों के साथ बर्फी, लड्डू, पेड़ा और रसगुल्ले की जमकर बिक्री हुई।

त्योहार को लेकर बच्चों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिला। नए कपड़े पहनकर बच्चे पूरे दिन उत्साहित नजर आए।
विधायक जाहिद बेग के आवास पर पहुंचीं बहनें रक्षाबंधन के अवसर पर भदोही विधायक जाहिद बेग के मलिकाना मोहल्ला स्थित आवास पर बड़ी संख्या में बहनें पहुंचीं।
बहनों ने विधायक की कलाई पर राखी बांधकर उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस दौरान विधायक जाहिद बेग ने भी बहनों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए और रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विधायक जाहिद बेग ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत करने वाला पर्व ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला त्योहार भी है।
उन्होंने कहा कि भदोही की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द की परंपरा हमेशा से इसकी पहचान रही है और ऐसे पर्व इस रिश्ते को और मजबूत करते हैं। घर-घर गूंजी खुशियां पर्व के दौरान कई बहनें ससुराल से मायके पहुंचीं और भाइयों की कलाई पर राखी बांधी।
वहीं कई भाई भी अपनी बहनों के घर पहुंचकर रक्षाबंधन की खुशियों में शामिल हुए। घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए गए और दिनभर रिश्तेदारों तथा परिजनों के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा।
पूरे जनपद में रक्षाबंधन का पर्व प्रेम, उल्लास और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ।







