जमानिया ( गाजीपुर )
नगर पालिका परिषद में गृहकर, ट्रेड शुल्क सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर चल रहा विरोध-प्रदर्शन अब और तेज हो गया है। नगर पालिका परिषद परिसर में सभासदों का धरना लगातार छठे दिन भी जारी रहा, जबकि रामलीला मैदान में भी चेयरमैन के विरोध में धरना प्रदर्शन लगातार जारी रहा।
नगर पालिका परिसर में धरना दे रहे सभासदों की ओर से 20 से अधिक सभासदों के समर्थन का दावा किया जा रहा है। सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका में गृहकर एवं अन्य शुल्कों में अत्यधिक वृद्धि से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। साथ ही नगर पालिका से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर भी सभासदों में नाराजगी है।
वहीं, रामलीला मैदान में चेयरमैन के खिलाफ चल रहे धरने में चेयरमैन पद के प्रत्याशी रहे रामनिवास प्रसाद, कांग्रेस नगर अध्यक्ष जीशान जलाली, व्यापार नेता मुन्ना गुप्ता, पूर्व भाजपा सभासद प्रतिनिधि नारायण दास चौरसिया सहित अन्य लोग शामिल होकर विरोध जता रहे हैं।
दोनों स्थानों पर लगातार धरना और विरोध प्रदर्शन होने से नगर पालिका प्रशासन पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समाधान और संबंधित मामलों में कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का उचित समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
नगर पालिका परिसर और रामलीला मैदान में चल रहे दो अलग-अलग धरनों को लेकर जमानिया की स्थानीय राजनीति भी गरमा गई है। अब लोगों की नजर प्रशासन और नगर पालिका स्तर पर होने वाली आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।







