बांदा
रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित टाइप-III आवासीय भवन में चोरों ने दो सरकारी आवासों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान पार कर दिया।
घटना 18/19 अगस्त की रात की बताई जा रही है। चोरी की वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दो संदिग्ध कमरे में घुसकर अलमारी खोलते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मेडिकल कॉलेज में तैनात डॉक्टर विकास कनौजिया ने कोतवाली नगर में दी तहरीर में बताया कि 18/19 अगस्त की रात उनके टाइप-III ब्लॉक-6 स्थित फ्लैट में ताला लगा था और घर पर कोई नहीं था।
अज्ञात चोरों ने फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी तोड़कर उसमें रखे जेवरात व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। डॉक्टर के मुताबिक चोरी हुए सामान की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
इसी दौरान टाइप-III ब्लॉक-4 के फ्लैट नंबर-2 में रहने वाली नर्सिंग ऑफिसर प्रभा प्रजापति के आवास को भी चोरों ने निशाना बनाया।
बताया गया कि घटना के समय प्रभा प्रजापति बालखंडी नाका स्थित अपने मायके गई थीं और फ्लैट में ताला लगा हुआ था। वापस लौटने पर फ्लैट का ताला टूटा मिला और अंदर रखे जेवरात गायब थे। इस मामले में करीब 7 से 8 लाख रुपये के जेवर चोरी होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि दोनों लोग रात में अपने-अपने आवास पर लौटे, तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों फ्लैटों का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे दो संदिग्ध
चोरी से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दो संदिग्ध कमरे के अंदर जाते और अलमारी खोलते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर पुलिस ने डॉक्टर विकास कनौजिया की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चोरी हुए जेवरात और सामान की सूची उपलब्ध कराए जाने के बाद उसे विवेचना में शामिल किया जाएगा। दो आवासों में एक साथ हुई चोरी के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
रिपोर्ट – फ़ैयाज़ खान











Users Today : 23
Users This Year : 24712
Total Users : 37305
Views Today : 93
Total views : 73424