अयोध्या
पूराकलंदर थाना क्षेत्र में रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास देर रात गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों की कार गिट्टी लदे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में उपनिरीक्षक आकाश यादव और कांस्टेबल प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 28 वर्षीय उपनिरीक्षक आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि उपनिरीक्षक आकाश यादव जौनपुर जनपद के रहने वाले थे। वहीं, 27 वर्षीय कांस्टेबल प्रदीप कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका उपचार जारी है। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मिल्कीपुर के पूर्व विधायक प्रत्याशी सूरज चौधरी ने उपनिरीक्षक आकाश यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आकाश यादव उनके प्रिय मित्र होने के साथ ही तेजतर्रार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी थे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।











Users Today : 28
Users This Year : 24717
Total Users : 37310
Views Today : 106
Total views : 73437