थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) में नियुक्त उप निरीक्षक निकिता सिंह को कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट विवेचनात्मक कार्य एवं लंबे समय से लापता 02 नाबालिग बालिकाओं की सकुशल बरामदगी में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से डीजीपी सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया है।
उप निरीक्षक निकिता सिंह द्वारा अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए बालिकाओं से संबंधित चुनौतीपूर्ण प्रकरणों में अत्यंत संवेदनशीलता एवं प्रभावी कार्यवाही की गई । उनके द्वारा लंबे समय से लापता बालिकाओं की तलाश एवं सकुशल बरामदगी के लिए निरंतर प्रयास करते हुए महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई।
विशेष रूप से उनके द्वारा लगभग तीन वर्ष से लापता एक बालिका को जनपद जौनपुर से तथा लगभग एक वर्ष से लापता दूसरी बालिका को जनपद सीतापुर से सकुशल बरामद किया गया। दोनों प्रकरणों में उपलब्ध सूचनाओं, तकनीकी साक्ष्यों एवं निरंतर किए गए प्रयासों के आधार पर बालिकाओं की तलाश की गई तथा उन्हें सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया।
उपनिरीक्षक निकिता सिंह की यह उपलब्धि महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता तथा संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिसिंग का उल्लेखनीय उदाहरण है। उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई है।







