वाराणसी
पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती ज़ोन में डीसीपी नीतू कादयान के सख्त निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। बड़ागांव थाना पुलिस ने खेत से मोटर और टुल्लू पंप चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए
एक आरोपी को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार किया, जबकि मिर्जामुराद थाना पुलिस ने मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग से दुष्कर्म के पॉक्सो मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
खेत से मोटर चोरी करने वाला आरोपी दबोचा
बड़ागांव थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दल्लीपुर नहर के पास से शिवम पुत्र सुरेंद्र कुमार पटेल (22 वर्ष) निवासी सभईपुर, थाना शिवपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की गई 5 एचपी विद्युत मोटर, 0.5 एचपी उषा कंपनी का टुल्लू पंप तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने खेत में बने कमरे का ताला तोड़कर मोटर और टुल्लू पंप चोरी किया था। उसका इरादा मोटर में लगी कॉपर वाइंडिंग निकालकर बेचने का था, लेकिन पुलिस ने उसे सामान बेचने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
पॉक्सो मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में मिर्जामुराद थाना पुलिस ने आकाश उर्फ गोलू (20 वर्ष) और राकेश कुमार पटेल उर्फ लूजे (23 वर्ष) निवासी नागेपुर को मेहदीगंज बस स्टॉप, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग को मेला दिखाने का झांसा देकर अपने साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। परिजनों की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। दोनों आरोपी पुलिस से बचने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन मुखबिर की सूचना पर उन्हें गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
डीसीपी नीतू कादयान के नेतृत्व में गोमती ज़ोन पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अभियानों को आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रखा जाएगा।










Users Today : 11
Users This Year : 24785
Total Users : 37378
Views Today : 19
Total views : 73548