सकलडीहा,
बिजली उपकेन्द्र के ग्रामीण फीडर से जुड़े गांवों में बुधवार की शाम 6 बजे से गुरूवार की सुबह 8 बजे तक बिजली आपूर्ति घंटों ठप रहा। जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोग गर्मी और उमस से पूरी रात परेशान रहे। ग्रामीणों ने बिजली उपकेन्द्र से मनमानी कटौती पर रोक लगाये जाने की मांग किया है।
सकलडीहा ग्रामीण उपकेंद्र से कुल पांच फीडर संचालित होते हैं, जिनमें सकलडीहा सेकेंड, कुछमन, नोनार, कमालपुर और चहनियां शामिल हैं। इन फीडरों से सैकड़ों गांवों की लाखों की आबादी को बिजली मिलती है। 14 घंटे की कटौती के कारण गर्मी से राहत देने वाले सभी उपकरण बंद रहे। बिजली आधारित कार्य ठप हो गए और किसानों की सिंचाई भी रुक गई। आपूर्ति बाधित होने से सुबह की पेयजल के अभाव में दिनचर्या भी प्रभावित हुई।
ग्रामीणों ने बिजली न होने के कारण रात जागकर बिताई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आए दिन बार-बार ट्रिपिंग और फाल्ट से लोग परेशान हैं। इस संबंध में जेई मनीष कुमार ने बताया कि 33 केवीए लाइन में तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। उन्होंने कहा कि मरम्मत का कार्य चल रहा है और जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।







