रीवा। रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता पर लिया। उन्होंने कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह को निर्देश दिए कि शहर का एक क्षेत्र चिन्हित कर वहां ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।
पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर होगा लागू
कमिश्नर ने कहा कि पहले एक एरिया में ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू कर मॉडल बनाया जाए। इसके बाद इसे पूरे शहर में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या को देखते हुए नए पार्किंग स्थल बनाने और हाईवे पर स्थित दो ब्लैक स्पॉट में तत्काल सुधार कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में पटाखा फैक्ट्रियों का अनिवार्य निरीक्षण करने को भी कहा गया।
खेत तालाब 45 दिन में पूरे हों
खेत तालाब निर्माण पर नाराजगी जताते हुए कमिश्नर ने सभी जनपद सीईओ को 45 दिन में कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि जो काम 45 दिन में हो सकता है उसे एक साल तक नहीं खींचा जाना चाहिए। जल गंगा अभियान के सभी अपूर्ण कार्य 31 जुलाई तक पूरे करने के भी निर्देश दिए।
धरती आबा के आवास अगस्त तक बनें
धरती आबा योजना के तहत सभी अपूर्ण आवासों को अगस्त माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि 15 अगस्त तक काम पूरा करने वाले सीईओ को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।
WOW एप और समूहों पर फोकस
स्कूलों और सामुदायिक शौचालयों की सफाई WOW एप के माध्यम से कराने को कहा। स्व सहायता समूहों के उत्पादों को आजीविका मार्ट में रखने और मिड डे मील में समूह के मसालों का उपयोग अनिवार्य करने के निर्देश दिए।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
बैठक में कमिश्नर ने शासकीय भवनों के लिए शासकीय भूमि 30 दिन में आवंटित करने, अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई, राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण, गर्भवती महिलाओं और कुपोषित बच्चों के लिए शिविर लगाने तथा पदस्थापना स्थल पर न रहने वाले शिक्षकों को एचआरए न देने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर सहित सभी विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।










Users Today : 2
Users This Year : 24681
Total Users : 37274
Views Today : 3
Total views : 73311