वाराणसी | 01 मई 2026
धर्म नगरी काशी के असि स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए आज दिनांक 1 मई 2026 को भव्य शिला पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम विधिवत रूप से संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर कांची कामकोटि पीठाधीश्वर, जगद्गुरु शंकराचार्य परम पूज्य स्वामी शंकरविजयेंद्र सरस्वती जी महाराज ने अपने कर कमलों द्वारा मंदिर के जीर्णोद्धार का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे मातृशक्ति द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में मंगल कलश धारण कर सहभागिता की। इसके उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिला पूजन एवं शिलान्यास की विधि सम्पन्न हुई, जो पूर्वाह्न 11:00 बजे तक चली।
शिलान्यास के पश्चात जगद्गुरु शंकराचार्य जी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान किया और काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा के संरक्षण पर बल दिया। उनके आगमन पर काशी के साधु-संतों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर काशी विद्वत परिषद के अध्यक्ष सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों से चयनित 108 प्रतिभाशाली व्यक्तियों को जगद्गुरु शंकराचार्य जी द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ट्रस्ट श्री जगन्नाथ जी के सचिव श्री शैलेश त्रिपाठी, न्यासी डॉ. संजीव राय, रवि प्रताप सिंह, उत्कर्ष श्रीवास्तव तथा आयोजन समिति के सर्व व्यवस्था प्रमुख नवीन श्रीवास्तव सहित हरीश वालिया, ज्ञानेश्वर जायसवाल, दिलीप मिश्रा, आनंद भगत, अमित त्रिपाठी, डॉ. कमलेश तिवारी और डॉ. शिशिर मालवीय आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि मंदिर का जीर्णोद्धार न केवल इसकी संरचना को सुदृढ़ करेगा, बल्कि काशी की समृद्ध धार्मिक विरासत को और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान करेगा। ट्रस्ट के सचिव शैलेश त्रिपाठी ने समस्त काशीवासियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति कार्यक्रम में सहभागिता हेतु आभार व्यक्त किया।











Users Today : 28
Users This Year : 24717
Total Users : 37310
Views Today : 106
Total views : 73437