आजमगढ़। जनपद में अपराध और अपराधियों पर निर्णायक प्रहार करते हुए जिलाअधिकारी रविन्द्र कुमार ने बुधवार को कड़ा रुख अपनाया। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मुबारकपुर, फूलपुर, गंभीरपुर, कोतवाली और जहानागंज थाना क्षेत्रों के कुल 21 कुख्यात अपराधियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 (गैंगस्टर एक्ट) के तहत दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र में चोरी व नकबजनी जैसे संगीन अपराधों में लिप्त पंकज गुप्ता और अभय गोंड उर्फ बहादुर के खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। वहीं सामूहिक बलात्कार कर वीडियो वायरल करने के जघन्य मामले में आदित्य उर्फ पिलुआ, सुमित, अभिषेक (पुत्र लालधर) और अभिषेक (पुत्र रामचन्द्र) को गैंगस्टर के तहत चिन्हित किया गया है।
फूलपुर क्षेत्र में गोवंश तस्करी में संलिप्त अब्दुल्लाह और अनीस पर शिकंजा कसा गया है। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास और पुलिस बल पर हमले के मामलों में हेसाम और फरीद को सूचीबद्ध किया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में गिरोह बनाकर चोरी व लूट करने वाले विशाल चौहान, अंकित वर्मा, रोशन गुप्ता, विजय वर्मा उर्फ कोमल और पवन सेठ के विरुद्ध भी गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई जारी है। इसके अलावा जहानागंज थाना क्षेत्र में लूट व डकैती के मामलों में शैलेश यादव उर्फ बूड़े, ज्ञान प्रकाश उर्फ विज्ञानी, विशाल यादव, धनंजय गिरी, आकाश शर्मा उर्फ आर्यन और साजन तिवारी को भी कानून के शिकंजे में लिया गया है।
प्रशासन की इस सख्त और बड़ी कार्रवाई से जिले में अपराधियों के बीच हड़कंप मचा है, जबकि आमजन में कानून-व्यवस्था को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।











Users Today : 5
Users This Year : 24723
Total Users : 37316
Views Today : 5
Total views : 73443